स्वस्थ शरीर ही जनसेवा का आधार, नियमित स्वास्थ्य जांच से समय पर मिलती है उपचार की दिशा : अरुण कुमार सार्वा
सेवा संकल्प अभियान : स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

धमतरी- सेवा, संवेदना और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर संचालित सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित करना था।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा, जिला महामंत्री महेन्द्र पंडित, जिला पंचायत सदस्य टीकाराम कंवर, अजय ध्रुव, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती अनीता ध्रुव, उपसंचालक पंचायत श्रीमती पद्मनी वर्मा सहित जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
अध्यक्ष जिला पंचायत अरुण कुमार सार्वा ने स्वयं सबसे पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दिया जागरूकता का संदेश। उन्होंने बीपी, शुगर, रक्त जांच सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही प्रभावी जनसेवा का आधार है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी निरंतर जनसेवा एवं प्रशासनिक दायित्वों में सक्रिय रहते हैं, ऐसे में उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार प्रारंभ किया जा सकता है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
महेन्द्र पंडित ने कहा कि जनसेवा के लिए स्वस्थ रहना आवश्यक है। जनप्रतिनिधि निरंतर लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच उनके लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इससे जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली है। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहने और समय-समय पर जांच कराने की अपील की।
चिकित्सकीय दल ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में जिला अस्पताल धमतरी के चिकित्सकीय दल द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. सागर साहू, स्टाफ नर्स श्रीमती तरुणा साहू, लैब टेक्नीशियन श्री पिलेश कुमार निषाद, श्री अनीष चन्द्राकर, श्री जयदेव एवं श्री हर्ष माहेश्वरी ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
शिविर में बीपी, शुगर, रक्त जांच सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकीय दल ने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, नियमित जांच और आवश्यकतानुसार उपचार लेने के संबंध में भी परामर्श दिया।सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर ने “सेवा के साथ स्वास्थ्य की देखभाल” के संदेश को प्रभावी रूप से सामने रखते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

