अखंड भारत संकल्प दिवस पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, महापौर रामू रोहरा हुए शामिल

धमतरी- विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, धमतरी द्वारा विंध्यवासिनी माता मंदिर के समीप अखंड भारत संकल्प दिवस एवं भारत माता की आरती का आयोजन श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा विशेष रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा विधिवत आरती में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं शांति की कामना की। कार्यक्रम स्थल पर भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण देशप्रेम से ओत-प्रोत रहा। महापौर श्री रोहरा ने कहा कि अखंड भारत का संकल्प केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। भारत की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित एवं समाजहित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि भारत माता की आराधना हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराती है। युवाओं में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने अखंड भारत की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।