धमतरी के 60 से अधिक युवा पहुंचे रायपुर, नवाचार और उद्यमिता के बड़े मंच पर दिखाएंगे हुनर

धमतरी- राजधानी रायपुर के कृषि मंडपम में सोमवार से छत्तीसगढ़ युवा नवाचार एवं उद्यमिता सम्मेलन-2026 का आगाज हुआ। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 1200 युवा, विद्यार्थी, नव उद्यमी, निवेशक, उद्योग प्रतिनिधि और मार्गदर्शक शामिल हो रहे हैं। धमतरी जिले से भी 60 से अधिक युवा इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लेने रायपुर रवाना हुए।
कलेक्टर के निर्देश पर रवाना हुए दल में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज धमतरी के 32 छात्र-छात्राएं, कुरूद कृषि महाविद्यालय के 25 विद्यार्थी तथा जिले के अन्य युवा उद्यमी शामिल हैं। सम्मेलन युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विशेषज्ञों से सीधे संवाद और मार्गदर्शन का अवसर प्रदान कर रहा है।
‘नवाचार करें, प्रेरणा दें और प्रभाव पैदा करेंआत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लिए युवाओं को सशक्त बनाएं’ थीम पर आयोजित सम्मेलन में कृषि तकनीक, उन्नत तकनीक, ग्रामीण व्यवसाय और डिजिटल नवाचार सहित नए क्षेत्रों पर चर्चा होगी। युवाओं को स्टार्टअप, एग्रीटेक, डीपटेक, फिनटेक, क्लीनटेक और हेल्थटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सम्मेलन में युवाओं को अपने नए व्यवसायिक विचार विशेषज्ञों और निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। चयनित विचारों की प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 75 हजार और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपए रखा गया है। इसके अलावा नव उद्यम प्रदर्शनी, तकनीकी सत्र, प्रेरक संवाद, सफल उद्यमियों से मुलाकात और विशेषज्ञों के साथ चर्चा भी होगी।
आयोजन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के साथ आईआईटी भिलाई, एनआईटी रायपुर, आईआईआईटी नया रायपुर, नाबार्ड और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद सहित विभिन्न संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। बस्तर, सरगुजा सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आ रहे युवा उद्यमियों के विचारों को भी मंच दिया जा रहा है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी से सम्मेलन में शामिल होने जा रहे युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नए विचारों को व्यवसाय में बदलने, निवेश और रोजगार के अवसरों से जुड़ने तथा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का मंच प्रदान करते हैं।