रेत का अवैध परिवहन 8 हाईवा को कांग्रेस नेताओं ने रोका, कहा अवैध परिवहन को मिल रहा संरक्षण
भारी रेत वाहनों से प्राप्त रॉयल्टी का सिहावा रोड के मरम्मत की रखी मांग

धमतरी। सिहावा रोड की जर्जर स्थिति से जनता परेशान है। ऐसे में रोड के दिन ब दिन बिगड़ते हालात की हकीकत जानने बीती रात्रि कांग्रेस नेताओं द्वारा सिहावा रोड का मुआयना किया गया। इस दौरान उन्हें स्पष्ट हुआ कि रेत भरी भारी हाईवा वाहनों के कारण सड़क की स्थिति बेहतर हो रही है। इसी दौरान नेताओं ने रेत वाहनों को रोका और उनके दस्तावेज जांचे जिससे कई वाहनों द्वारा रेत के अवैध परिवहन की बात सामने आई।
बता दे कि बीती रात्रि शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी जय गिदवानी, देवेन्द्र देवांगन, आशुतोष खरे, अविनाश मेरोठे, अविनाश रंगारी, वीरु महाजन सिहावा रोड पहुंचे, निरीक्षण के दौरान लगभग 7-8 गाडिय़ां रोकी जो बिना रॉयल्टी व वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन कर रही थी। जैसे ही पुलिस व प्रशासन को कांग्रेस नेताओं द्वारा गाडिय़ां रोकने की सूचना मिली मौके पर नायब तहसीलदार कुसुम प्रधान व थाना प्रभारी राजेश जगत मौके पर पहुंचे और रोके गए वाहनों को आगे की कार्रवाई हेतु ले जाया गया। इस संबध में गौतम वाधवानी ने कहा कि साय सरकार खनिज विभाग व आरटीओ का संरक्षण अवैध रेत परिवहन को मिल रहा है। सड़क की मरम्मत रेत वाहनों से प्राप्त रायल्टी से की जाए। क्योंकि सिहावा रोड की जर्जर स्थिति का प्रमुख कारण रेत भारी वाहने है।