रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारीज ने आयोजित किया मीडिया स्नेह मिलन
मीडिया बंधुओं ने लिया सकारात्मकता एवं आध्यात्मिकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

धमतरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, धमतरी के तत्वावधान में भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में मीडिया स्नेह मिलन का आयोजन निर्माणाधीन शिव सरोवर के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य पत्रकार बंधु एवं बहनों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग के सुंदर गीत के साथ परमात्मा शिवपिता के ध्यान से हुआ। सभी ने कुछ समय राजयोग का अभ्यास कर शांति एवं सकारात्मकता का अनुभव किया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मकता के प्रकंपन फैल गए। ब्रह्माकुमारी बहनों ने उपस्थित सभी मीडिया बंधुओं का तिलक, पुष्प एवं सम्मान पट्टा पहनाकर स्नेहपूर्वक स्वागत किया। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शुभ भावनाओं की ज्योति प्रज्वलित की।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी, संचालिका, ब्रह्माकुमारीज धमतरी ने सभी का स्नेहपूर्ण स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी हमारे आत्मीय भाई हैं। बेहद की सेवा के लिए निर्माणाधीन शिव सरोवर के सेमिनार हॉल में यह प्रथम कार्यक्रम है। इस स्थान से अनेकों आत्माओं को परमात्मा का संदेश मिलेगा और उन्हें शांति, खुशी एवं शक्ति की अनुभूति होगी। लोग यहां आकर कुछ समय ध्यान और ज्ञान प्राप्त कर तनावमुक्त जीवन का अनुभव करेंगे। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।उन्होंने रक्षाबंधन को भाई-बहन के पवित्र संबंध और आत्मिक प्रेम का पर्व बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
टीवी एवं प्रखर समाचार पत्र के संपादक तथा डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब धमतरी के महासंरक्षक दीपक लखोटिया ने कहा कि सेंटर में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगता है। यहां सभी का एक साथ स्नेह मिलन होता है और आपसी प्रेम बढ़ता है, जिससे सकारात्मकता का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि संकल्प लेकर उसे पूरा कैसे किया जाता है, यह उन्होंने सरिता बहनजी में देखा है। वे अपनी टीम के साथ पूरे शहर में आध्यात्मिकता का संदेश फैलाने का कार्य कर रही हैं।
डीलक्स टाइम्स के संपादक सुधीर गुप्ता ने कहा कि आज सभी जो संकल्प पत्र में संकल्प लिखेंगे, उसे अवश्य पूरा करें। उन्होंने ऐसे स्नेह मिलन कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने और सभी के आपसी मिलन की शुभकामना दी।
प्रेस क्लब धमतरी के महासंरक्षक ऋतुराज पवार एवं जिला प्रेस क्लब धमतरी के अध्यक्ष अरुण चौधरी ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।प्रेस क्लब धमतरी के अध्यक्ष विशाल ठाकुर ने कहा कि हम सभी आज बाबा के घर में बैठे हैं। उन्होंने सभी से ब्रह्माकुमारीज द्वारा कराए जाने वाले सात दिवसीय राजयोग कोर्स करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां के ज्ञान से उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब धमतरी के अध्यक्ष प्रेम मगेन्द ने शिव सरोवर के निर्माण की बधाई देते हुए कहा कि यह स्थान धीरे-धीरे अपने भव्य स्वरूप को प्राप्त कर रहा है।
इस अवसर पर दीप शर्मा, रंजीत छाबड़ा एवं विक्रांत शर्मा ने भी अपने शुभकामना संदेश दिए।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने मधुबन से लाई गई परमात्मा शिव बाबा की राखी सभी मीडिया बंधुओं को बांधी तथा सभी को वरदान कार्ड प्रदान किया। उपस्थित सभी ने संकल्प पत्र में अपने जीवन को सकारात्मक एवं श्रेष्ठ बनाने का संकल्प लिया। तत्पश्चात सभी ने बाबा के घर का भोग स्वीकार किया। कार्यक्रम का संचालन कामिनी कौशिक ने किया।
इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य पत्रकार बंधु एवं बहनें उपस्थित रहे और स्नेह, आत्मीयता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
