नगर निगम कराएगी दही हांडी, गणेश स्थल एवं झांकी प्रतियोगिता; सर्व हिंदू संगठन,श्री राम हिंदू संगठन,सर्व हिंदू समाज ने आयोजन में सहयोग की दी सहमति
दही हांडी आयोजन को लेकर नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक

विकास कार्यों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी मिलेगा प्रोत्साहन -महापौर रामू रोहरा
धमतरी/ आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में होने वाले दही हांडी उत्सव, गणेश स्थल सजावट एवं झांकी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ धार्मिक आयोजन भी होते रहेंगे। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, इन्हें संरक्षित और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने सभी समाज एवं संगठनों से आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के माध्यम से दही हांडी प्रतियोगिता, गणेश उत्सव के दौरान गणेश स्थलों की सजावट तथा आकर्षक झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक उत्सव के अवसर पर पालकी यात्रा एवं भव्य महाआरती जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्व हिंदू संगठन,श्री राम हिंदू संगठन,विश्व हिंदू परिषद,सहित विभिन्न हिंदू संगठनों एवं सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की और आयोजन को लेकर अपनी सहमति एवं सहयोग प्रदान करने की बात कही। प्रतिनिधियों ने कहा कि धमतरी की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी संगठन एवं समाज मिलकर कार्य करेंगे।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। नगर निगम द्वारा आयोजन के दौरान आवश्यक साफ-सफाई, प्रकाश, यातायात एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने आयोजन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। सर्व हिंदू समाज के सहयोग से आगामी धार्मिक आयोजन धमतरी शहर में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बनाने पर सहमति बनी।इस अवसर पर दीपक लखोटिया,अशोक पवार, हरविंदर छाबड़ा,दिलीप सोनी,नंदू जसवानी,शगुन पटेल,रमेश्वर यादव,प्रवीण साहू,प्रतीक सोनी,एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी,श्याम लाल नेताम,अखिलेश सोनकर,पिंटू यादव,विभा चंद्राकर,पाषर्दगण,एल्डरमैंन सहित शहर के समाज प्रमुख, गणमान्य नागरिक अधिक संख्या में उपस्थित थे।