सार्थक स्कूल में शिक्षक दिवस पर विशेष शिक्षकों का सम्मान

पुष्पा ठाकुर ने दो विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और एक छात्रा के ऑटो किराए की जिम्मेदारी ली
विशेष बच्चों ने तिलक लगाकर श्रीफल व पेन भेंट किए, सुलेख लिखकर शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया स्नेह
सार्थक स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में श्रीमती पुष्पा ठाकुर, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। श्रीमती ठाकुर आदर्श शिवसिंह वर्मा माध्यमिक शाला, धमतरी में 11 वर्षों तक विज्ञान विषय की उच्च वर्ग शिक्षिका के रूप में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुई हैं। वे वर्तमान में राजपूत उपसमिति धमतरी महिला मंडल की अध्यक्ष हैं।
शिक्षक दिवस पर मुख्य अतिथि और शिक्षकों के कक्षा में प्रवेश करते ही विशेष बच्चों ने तालियों से उनका स्वागत किया और पैर छूकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विशेष बच्चों ने मुख्य अतिथि एवं,विशेष प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव एवं काजल रजक का तिलक लगाकर श्रीफल एवं पेन भेंट कर सम्मान किया। बच्चों ने शिक्षकों के सम्मान में “मेरे प्यारे शिक्षक” विषय पर सुंदर सुलेख भी लिखा। शिक्षक दिवस के इस आयोजन को लेकर बच्चे बेहद खुश और उत्साहित नजर आए।
विशेष बच्ची प्राची सोनी अपने घर से स्वयं केक बनाकर लाई, जिसे शिक्षकों एवं बच्चों ने मिलकर काटा। बच्चों और पालकों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपहार भेंट कर शिक्षकों के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की इस आत्मीय पहल ने समारोह की गरिमा बढ़ा दी।
मुख्य अतिथि ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन
मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पा ठाकुर ने अपना 65वां जन्मदिन भी सार्थक के विशेष बच्चों के साथ केक काटकर एवं स्वल्पाहार कराकर मनाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिए आत्मीय और आनंददायक अनुभव है तथा बच्चों की मुस्कान ही उनके लिए सबसे सुंदर उपहार है।इस अवसर पर उन्होंने दो विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म बनवाने तथा एक छात्रा के इस सत्र के ऑटो किराए का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। इससे पूर्व भी वे सार्थक स्कूल को ढोलक एवं हारमोनियम भेंट कर चुकी हैं।सार्थक की वरिष्ठ प्रशिक्षक श्रीमती मैथिली गोड़े ने मुख्य अतिथि के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया कहा कि शिक्षक दिवस पर बच्चों द्वारा दिया गया स्नेह और सम्मान उनके लिए सबसे अनमोल उपहार है। बच्चों की छोटी-छोटी उपलब्धियां और उनकी मुस्कान ही उनके कार्य की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पा ठाकुर के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में चैतन्य कुमार, सविता शेख, शकुंतला सोनी एवं सुनैना गोड़े सहित शिक्षक, प्रशिक्षक, बच्चे एवं पालक उपस्थित रहे।