शहर में देर रात चौक-चौराहों पर लगा रहता है युवाओं का झुंड, हो रही पुलिस पेट्रोलिंग द्वारा सख्ती बरतने की मांग
बस स्टॉपेज वाले स्थानों, प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों पर देर रात तक जमावड़े से लोगों में उत्पन्न हो रही असुरक्षा की भावना

धमतरी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टॉपेज और मुख्य मार्गों पर देर रात तक युवाओं की टोलियां दिखाई देने लगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय कई स्थानों पर युवकों के समूह देर तक खड़े रहते हैं, जिससे राहगीरों, महिलाओं और रात में सफर करने वाले यात्रियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। इसे लेकर शहर में पुलिस पेट्रोलिंग की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
रात के समय बस स्टॉपेज वाले स्थानों नया बस स्टैण्ड, पुराना बस स्टैण्ड, रत्नाबांधा चौक, अम्बेडकर पर युवाओं का झुंड लगा रहता है। ऐसे में देर रात घर लौटने वाले लोगों और यात्रियों को असहज महसूस करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह के जमावड़े से भविष्य में विवाद, मारपीट या अन्य अपराध होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। शहरवासियों ने मांग की है कि पुलिस द्वारा रात में प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, सुनसान मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित और सघन पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। साथ ही बिना वजह देर रात सार्वजनिक स्थानों पर समूह बनाकर खड़े रहने वाले युवकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और लोगों का भरोसा बना रहे। लोगों का मानना है कि लगातार गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सख्ती से कार्रवाई किए जाने से देर रात होने वाले अनावश्यक जमावड़े पर रोक लगेगी और शहर में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
देर रात शटर गिराकर सिगरेट, गुटखा की बिक्री
चर्चा के दौरान लोगो ने कहा कि शहर में सालों से कई स्थानों पर देर रात तक चाय बीड़ी सिगरेट, गुटखा आदि की बिक्री शटर गिराकर भी किया जाता है। शहर के युवाओं को इनकी जानकारी है इसलिए वे रात में घुमते हुए इन दुकानो में पहुंचते है। और उक्त सामान उन्हें आधी रात को भी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। ऐसे में इन कुछ दुकानदारों के कारण भी रात में युवा अनावश्यक ही घुमते रहते है। जिससे पुलिसिंग पर सवाल उठने लगते है।
”रात में पुलिस पूरी गंभीरता पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। फिर भी चौक-चौराहो व बस स्टॉपेज वाले स्थानों में जमावड़ा लग रहा है तो सुरक्षा की दृष्टिकोण से पेट्रोलिंग टीमों को और ज्यादा अलर्ट किया जायेगा। ÓÓ
श्रीमती भावना पाण्डेय
एसपी जिला धमतरी