Uncategorized

अंधेरे से उजाले तक : सियाराम मरकाम के घर फिर लौटी रोशनी


धमतरी। दूरस्थ और गंगरेल डुबान क्षेत्र में बसे ग्राम तुमाखुर्द के निवासी श्री सियाराम मरकाम के घर एक बार फिर उजाला लौट आया है। वर्षों पहले स्थापित सोलर होम लाइट सिस्टम के खराब हो जाने से उनका परिवार लंबे समय से परेशानी झेल रहा था। भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली और पंखे की सुविधा बंद होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। जिले के संवेदनशील कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के संज्ञान में यह समस्या आते ही उन्होंने त्वरित पहल करते हुए क्रेडा के इंजीनियर टी.आर. ध्रुव को आवश्यक मरम्मत एवं बैटरी बदलने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही तकनीकी टीम गांव पहुंची और सोलर होम लाइट सिस्टम में नई बैटरी स्थापित कर पूरे सिस्टम को पुन: कार्यशील बनाया गया। सिस्टम चालू होते ही श्री मरकाम के घर में फिर से रोशनी फैल गई। अब रात में घर जगमगाने लगा है और पंखा चलने से परिवार को गर्मी से राहत मिल रही है। दूरस्थ डुबान क्षेत्र में रहने वाले परिवार के लिए यह सुविधा किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। सियाराम मरकाम ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से वे समस्या से परेशान थे, लेकिन अब उनके परिवार को बड़ी सुविधा मिल गई है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना सौभाग्य के अंतर्गत वर्ष 2017 से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक विद्युत सुविधा पहुंचाने का अभियान प्रारंभ किया गया था। योजना का उद्देश्य ऐसे घरों तक रोशनी पहुंचाना था, जहां अब तक बिजली नहीं पहुंच सकी थी। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में सोलर आधारित विद्युत व्यवस्था भी इसी सोच का हिस्सा रही है। धमतरी जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशील कार्रवाई यह दर्शाती है कि शासन की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रभावी रूप से क्रियान्वित की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!