आत्म स्पर्शी चातुर्मास के तहत जैन समाज का निकला भव्य बरघोड़ा,महापौर रामू रोहरा ने तपस्वियों का किया अभिनंदन, लिया आशीर्वाद

धमतरी- श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ द्वारा आयोजित आत्म स्पर्शी चातुर्मास 2026 के अंतर्गत तप वर्धमान महोत्सव का भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन जैन समाज द्वारा भव्य बरघोड़े का आयोजन किया गया। बरघोड़ा श्री पार्श्वनाथ जिनालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शांति वाटिका पहुंचा।
बरघोड़े में पंच परमेष्ठी श्रेणी तप के सभी तपस्वी रत्नों सहित गुरुकृपा तप के तपस्वी एवं जैन समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक ध्वजों, भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय एवं धर्ममय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बरघोड़े का स्वागत किया और तपस्वियों के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने बरघोड़े का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने तपस्वियों का अभिनंदन करते हुए उनके तप, त्याग और साधना के प्रति श्रद्धा व्यक्त की तथा उनका आशीर्वाद लिया। महापौर ने कहा कि जैन समाज की तप, संयम, अहिंसा और आत्मशुद्धि की परंपरा समाज को सदैव प्रेरणा देती है। तपस्वियों की साधना और उनका त्याग सभी के लिए अनुकरणीय है।बरघोड़े के दौरान जैन समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। पूरे आयोजन में धार्मिक अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। आत्म स्पर्शी चातुर्मास 2026 के तहत आयोजित इस महोत्सव में समाजजनों की सहभागिता ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।

