सोरिद वार्ड के डिपोपारा में विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कौशिल्या देवांगन ने कहा—विकास कार्यों से डिपोपारा में बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं

धमतरी। सोरिद वार्ड अंतर्गत डिपोपारा में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू के करकमलों से विधिवत सम्पन्न हुआ। इस दौरान सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, बाउंड्री वॉल, बोर खनन सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।कार्यक्रम में अध्यक्षता नगर पालिक निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने किया। भूमिपूजन के पश्चात श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने वार्डवासियों के साथ बैठकर क्षेत्र के विभिन्न विषयों एवं स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा की। श्रीमती साहू ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की आवश्यकताओं को समझना और उनके साथ संवाद कर प्राथमिकता तय करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।सामुदायिक भवन में शेड निर्माण एवं बाउंड्री वॉल से सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। वहीं बोर खनन से क्षेत्र की जल संबंधी आवश्यकता को पूरा करने में सहयोग मिलेगा। रंजना डीपेंद्र साहू से उपस्थित नागरिकों ने वार्ड के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव भी साझा किए। निगम सभापति एवं सोरिद वार्ड की पार्षद श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि डिपोपारा में सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, बाउंड्री वॉल, बोर खनन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन वार्डवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इन कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को सार्वजनिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
