गणेश विसर्जन झांकी एवं त्योहारों से पहले धमतरी पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा – गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों की सघन चेकिंग
थाने में बुलाकर कराई गई परेड, नशे एवं अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ; शांति भंग करने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी

अड्डेबाजी, चाकूबाजी एवं अशांति फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर- संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पेट्रोलिंग
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों को थाने में बुलाकर उनकी परेड कराई गई तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा की गई.पुलिस अधिकारियों ने सभी को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे अपराध एवं नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करें। सभी को नशे एवं अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा अशांति फैलाने वाली गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई।
साथ ही उन्हें यह भी समझाइश दी गई कि यदि उनके आचरण एवं गतिविधियों में निरंतर सुधार रहता है तथा वे समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्यवाही की जा सकती है।इस कार्यवाही में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अड्डेबाजी, चाकूबाजी और अशांति फैलाने वालों पर विशेष नजर
आगामी त्योहारों को देखते हुए धमतरी पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर लगातार पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग की जाएगी। अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों, लड़ाई-झगड़ा करने वालों, चाकूबाजी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं माइनर एक्ट के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
