Uncategorized

दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में 3 साल से फरार स्थाई वारंटी गरियाबंद से गिरफ्तार

धमतरी पुलिस के विशेष अभियान का असर: सिहावा पुलिस ने लंबी फरारी का किया अंत,भेजा गया जेल

धमतरी जिले में लंबे समय से फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर प्रकरण में लगभग 3 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को जिला गरियाबंद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना सिहावा के अपराध क्रमांक 92/2023 में आरोपी राकेश उर्फ बैराग्य मरकाम, 26 वर्ष, निवासी भालूपानी, थाना शोभा, जिला गरियाबंद के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज किया गया था। प्रकरण में आरोपी के फरार रहने के कारण पुलिस द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी के लगातार फरार रहने पर उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय में फरारी चालान प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात दिनांक 13 सितंबर 2023 को न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था.
स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए थाना सिहावा पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर लगातार संभावित ठिकानों पर निगरानी एवं पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से आरोपी के जिला गरियाबंद में मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना की तस्दीक के बाद सिहावा पुलिस की टीम तत्काल गरियाबंद रवाना हुई। टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर को आरोपी राकेश उर्फ बैराग्य मरकाम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया.गिरफ्तारी की कार्यवाही पूर्ण करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर आरोपी को जिला जेल धमतरी में दाखिल कराया गया है.
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ, सउनि दुलाल नाथ, आरक्षक हरीश कावड़े एवं वाहन चालक आरक्षक हेमलाल ध्रुव का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!