Uncategorized

महापौर रामू रोहरा ने धमतरी जिला अस्पताल के लिए की 38 करोड़ की मांग की, गुरु घासीदास के नाम पर नामकरण का भी किया आग्रह

धमतरी। महापौर रामू रोहरा ने धमतरी के 220 बिस्तर जिला अस्पताल के नए भवन निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने तथा अस्पताल का नामकरण परम पूज्य गुरु घासीदास जी के नाम पर करने की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी से की है।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी जिले की बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए सर्वसुविधायुक्त एवं आधुनिक नए भवन की आवश्यकता है। 220 बिस्तर वाले जिला अस्पताल के नए भवन के निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने से जिले के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल केवल धमतरी शहर ही नहीं, बल्कि जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले हजारों मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख केंद्र है। आधुनिक भवन में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, पर्याप्त वार्ड, जांच सुविधाएं तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित होने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।महापौर ने अस्पताल का नाम परम पूज्य गुरु घासीदास जी के नाम पर किए जाने की मांग को सामाजिक सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि गुरु घासीदास जी ने समाज को मनखे-मनखे एक समान का संदेश देकर समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की राह दिखाई। उनके नाम पर जिला अस्पताल का नामकरण समाज के लिए गौरव का विषय होगा और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में भी सार्थक पहल होगी।
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी से मांग की है कि जनहित से जुड़े इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए 38 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने तथा जिला अस्पताल का नामकरण परम पूज्य गुरु घासीदास जी के नाम पर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!