भखारा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 76 आवेदन प्राप्त
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 8 में लगा शिविर, विभिन्न विभागों ने दी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है- ज्योति हरख जैन
भखारा- कलेक्टर के दिशा-निर्देश पर नगर पंचायत भखारा के वार्ड क्रमांक 8 स्थित मांगलिक भवन में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करना था।
शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर पार्षद अविनाश गौर, मेघु साहू, झम्मन साहू, छबिलाल निर्मलकर, चांदनी साहू, जितेंद्र साहू, हितेंद्र साहू, खेमलता साहू, एल्डरमैन दीनू निर्मलकर, संतोष साहू, किशोर गौर, डुमेंद्र गैंगबेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक ही स्थान पर उपस्थिति से नागरिकों को अपनी समस्याएं रखने में सुविधा मिलती है। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आम नागरिकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए।कलेक्टर के निर्देशानुसार शिविर में सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पवारिया द्वारा सुनिश्चित की गईं। शिविर प्रभारी उप अभियंता ज्योति साहू एवं संजय साहू ने भी व्यवस्थाओं में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर में तहसीलदार भूपेश चंद्राकर की विशेष मौजूदगी रही। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में शिविर संपन्न हुआ।इस प्रकार जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला।

