भक्ति व भव्यता के साथ हो रहा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का आगमन
धमतरी में नवरात्र के कई दिनों पूर्व से ही हो रहा मां की प्रतिमाओं की आगमन, छाने लगा नवरात्र का उमंग

धमतरी। शक्ति की आराधना के महापर्व नवरात्र को लेकर धमतरी शहर में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा इस बार नवरात्र पर्व शुरू होने के कुछ दिन पहले से ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का आगमन कराया जा रहा है। इसी कड़ी में आज शहर में सबसे अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के आगमन की संभावना है। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों पर मां दुर्गा के जयकारे गूंजेंगे और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आएगा। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के स्वागत के लिए दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। भक्त ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे, डीजे और आतिशबाजी के साथ माता की प्रतिमाओं को पंडालों तक लेकर पहुंच रहे है। कई समितियों द्वारा आकर्षक स्वागत व्यवस्था और विशेष आयोजन के माध्यम से मां दुर्गा का आगमन कराया जाएगा। प्रतिमाओं के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। युवा, बच्चे और महिलाएं भी इस धार्मिक उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे है।
पंडालों में विराजेंगी मां दुर्गा
नवरात्र के दौरान शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इन पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विधि-विधान के साथ स्थापित की जाएंगी। स्थापना के बाद नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इस बार प्रतिमाओं का आगमन नवरात्र से पहले ही शुरू होने के कारण शहर में उत्सव का माहौल बनने लगा है। समितियों द्वारा पंडालों की सजावट, विद्युत रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतिमाओं के आगमन के साथ ही दुर्गोत्सव की रौनक और बढऩे की उम्मीद है।
श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा पर्व
नवरात्र का पर्व शक्ति, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना के लिए श्रद्धालु पूरे वर्ष इस पर्व का इंतजार करते हैं। धमतरी में भी हर वर्ष विभिन्न समितियों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर नवरात्र उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं तथा बाजारों में भी चहल-पहल दिखाई देने लगती है।

