युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू पुलिस के गिरफ्त में
आरोपी के विरुद्ध विवाह का प्रलोभन देकर प्रताड़ित करने का आरोप,होटल में युवती की आत्महत्या के मामले में आरोपी हुआ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने होटल में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार किया है।
प्रकरण के अनुसार, मृतिका पिंकी मानिकपुरी, 22 वर्ष, निवासी राजमहल चौक, समनापुर रोड, कवर्धा, जिला कबीरधाम को आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू निवासी गोकुलपुर, वार्ड क्रमांक 36
द्वारा प्रेम प्रसंग एवं विवाह का प्रलोभन देकर विश्वास में रखा गया था। बाद में मृतिका को आरोपी के अन्य लड़कियों से संबंध होने की जानकारी मिली, जिसके संबंध में स्पष्टता प्राप्त करने के लिए वह दिनांक 24.09.2026 को धमतरी आई और स्थानीय होटल सी.जी.-05 के कमरा नंबर 106 में रुकी थी।
दिनांक 25.09.26 की शाम आरोपी उससे मिलने होटल पहुंचा। आरोप है कि विवाह के संबंध में बात करने पर आरोपी ने विवाह से इनकार करते हुए मृतिका के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की तथा उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पूर्व में भी आरोपी द्वारा इसी प्रकार प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। इस घटनाक्रम से व्यथित होकर मृतिका ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को आज दिनांक को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है।
प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
▪️

