नेशनल हाईवे पर ट्रक और मेटाडोर की जोरदार भिड़ंत, 5 घायल
चिटौद के पास हुआ सड़क हादसा, ट्रक में फंसे ड्राइवर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

धमतरी।सोमवार रात नेशनल हाईवे पर चिटौद के पास ट्रक और आईसर वाहन मेटाडोर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान एवं डोमन साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए दोनों ने तत्परता से मदद की। इसके बाद घायल ड्राइवर सहित अन्य घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया।
ट्रक कनेरी से धान लोड कर धमतरी के तरफ आ रहा था। रास्ते में तीन लोग अपने गाड़ी को खड़ी कर लिफ्ट लेकर धमतरी आने के लिए बैठे थे। उन तीनों लोगों को भी चोट आई है।हादसे में ट्रक ड्राइवर के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही उसके पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
सड़क हादसे के समय घायलों की मदद के लिए तुरंत पहुंचना और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। शिवा प्रधान एवं डोमन साहू द्वारा मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद करने से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहयोग मिला।
