Uncategorized

धमतरी में नीट-जेईई की तैयारी के लिए 339 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग परीक्षा

जिले के चारों विकासखंडों में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्र, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी विशेषज्ञ मेंटरशिप और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा

धमतरी- जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के चारों विकासखंडों में ‘पोलस्टार’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 339 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कलेक्टर के निर्देशन में जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया।

10 परीक्षा केंद्रों में हुई परीक्षा

जिले के धमतरी एवं कुरूद विकासखंड में तीन-तीन तथा मगरलोड एवं नगरी विकासखंड में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। धमतरी विकासखंड के सेजेस गोकुलपुर में 44, सेजेस कंडेल में 50 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देमार में 29 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसी प्रकार कुरूद विकासखंड के पीएमश्री सेजेस कुरूद में 79, सेजेस भखारा में 55 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरबा में 12 विद्यार्थी शामिल हुए।

मगरलोड विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक मगरलोड में 21 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेंड्री में 10 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, नगरी विकासखंड के पीएमश्री नगरी में 27 तथा सेजेस कुकरेल में 6 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सहभागिता की।

चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने बताया कि ‘पोलस्टार’ कार्यक्रम जिले में विनोबा टीम एवं ओपन लिंक फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 11वीं एवं 12वीं के पंजीकृत विद्यार्थियों को दो बार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल होने के बाद ऑफलाइन ओएमआर आधारित परीक्षा में बैठने की पात्रता मिलती है। स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी एवं मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से मेंटरशिप प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री, आईआईटी एवं मेडिकल कॉलेज परिसरों के भ्रमण तथा छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा।

जल्द घोषित होगा परीक्षा परिणाम

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा। इससे चयनित विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए आगे की शैक्षणिक सुविधाओं और मार्गदर्शन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!