बरसते पानी में वंदेमातरम परिवार और बोल बम सेवा समिति ने अज्ञात शव का किया अंतिम संस्कार
कुरूद में मानवता की मिसाल पेश की, समिति ने 76वें लावारिस शव को दी सद्गति

कुरूद- मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए वंदेमातरम परिवार एवं बोल बम सेवा समिति कुरूद के सदस्यों ने बुधवार को बरसते पानी के बीच एक अज्ञात शव का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। महानदी मुख्य नहर के गेट क्रमांक-3 के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव को बिरेझर पुलिस चौकी की अनुमति तथा पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में कुरूद स्थित हिंदू मुक्तिधाम में कफन-दफन कर सद्गति प्रदान की गई। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।
समिति के सदस्यों ने विपरीत मौसम की परिस्थितियों के बावजूद अपने सेवा कार्य को प्राथमिकता देते हुए अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया संपन्न की। इस दौरान अज्ञात दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
वंदेमातरम परिवार एवं बोल बम सेवा समिति लंबे समय से ऐसे लोगों के अंतिम संस्कार का कार्य कर रही है, जिनका कोई अपना सामने नहीं आता। समिति के इस सेवाभावी प्रयास के तहत अब तक 76 लावारिस शवों को अंतिम विदाई देकर सद्गति प्रदान की जा चुकी है। यह कार्य समाज में मानवीय संवेदना, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है।
अंतिम संस्कार के दौरान वंदेमातरम परिवार के अध्यक्ष एवं बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चन्द्राकर, उपाध्यक्ष नंद आमदे, कोषाध्यक्ष भारत साहू सहित समिति के सदस्य कृष्णा ढीमर, सीताराम, राजा चन्द्राकर, गोविंदा और अमित कुमार उपस्थित रहे।
वहीं पुलिस टीम की ओर से प्रधान एएसआई इशु साहू, प्रधान आरक्षक महेश पटेल, आरक्षक नैनदास बांधे, डॉ. गौरव नेताम एवं पुलिस स्टाफ के शैलेन्द्र साहू की उपस्थिति में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
समिति के अध्यक्ष भानु चन्द्राकर ने इस पुनीत कार्य में सहभागी बने सभी समिति सदस्यों, पुलिस कर्मियों एवं चिकित्सक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देना मानवता की सच्ची सेवा है।
