भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और धर्म के प्रकाश का महापर्व है दीपावली – पं. राजेश शर्मा
श्री शर्मा ने दी दीपावली की बधाई, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना
कहा, भगवान श्रीराम के आदर्शों और मां लक्ष्मी की आराधना से जुड़ा दीपोत्सव

धमतरी। दीपावली के पावन एवं मंगलमय अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा ने समस्त प्रदेशवासियों, धर्मप्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों को दीपोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और जीवन में सकारात्मकता का संदेश देने वाला महापर्व है। पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम के चौदह वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के माध्यम से परिवार और समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की जाती है। उन्होंने दीपोत्सव के साथ आने वाले समस्त पर्वों एवं पूजन परंपराओं की भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि एवं कुबेर की आराधना, नरक चतुर्दशी, दीपावली पर मां लक्ष्मी-गणेश पूजन, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट, भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का स्मरण तथा भाई दूज का पावन पर्व हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। ये सभी पर्व परिवार, समाज, भाईचारे, प्रेम, सेवा और आपसी सद्भाव के मूल्यों को मजबूत करते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय त्योहारों की विशेषता है कि प्रत्येक पर्व अपने साथ कोई न कोई आध्यात्मिक संदेश, सामाजिक परंपरा और जीवन जीने की प्रेरणा लेकर आता है। हमारी संस्कृति में दीप प्रज्वलन केवल घरों को रोशन करने की परंपरा नहीं, बल्कि मन के अज्ञान, निराशा और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, सद्भाव और धर्म के प्रकाश को अपनाने का प्रतीक है। अंत में पंडित राजेश शर्मा ने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा एवं प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि लेकर आए। हर घर में खुशियों के दीप प्रज्वलित हों, समाज में प्रेम और सद्भाव बना रहे तथा हमारा देश धर्म, संस्कृति और संस्कारों की गौरवशाली परंपरा के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।