भाजपा प्रदेश कार्यसमित सदस्य पं. राजेश शर्मा ने शंकरदाह धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण


कहा,भाजपा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध
धान खरीदी में अनियमितता के आरोप भ्रामक, विधायक के निरीक्षण के दौरान साझा की गई तौल संबंधी जानकारी पर भाजपा नेता राजीव सिन्हा ने तथ्यों के साथ रखी स्थिति
किसानों की समृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण भाजपा सरकार का संकल्प, कृषक उन्नति योजना से मिल रहा संबल – पंडित राजेश शर्मा
धमतरी। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थाई आमंत्रित सदस्य एवं धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा ने धान खरीदी केंद्र शंकरदाह सोसायटी पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी, तौल व्यवस्था, बारदाना की उपलब्धता तथा किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में उपस्थित किसानों, हमालों, संबंधित कर्मचारियों एवं सोसायटी प्रबंधक से चर्चा कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक के निरीक्षण में साझा की गई तौल संबंधी जानकारी भ्रामक, भाजपा नेता राजीव सिन्हा ने तथ्यों के साथ किया स्पष्ट
धान खरीदी केंद्र शंकरदाह में दो दिन पूर्व धमतरी विधायक द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान प्रेस के माध्यम से तौल व्यवस्था को लेकर साझा की गई जानकारी पर भाजपा नेता राजीव सिन्हा ने अपनी बात रखते हुए उसे भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले उसकी वास्तविक प्रक्रिया और तथ्यों को समझना आवश्यक है। विधायक द्वारा निरीक्षण के दौरान तौल व्यवस्था को लेकर जो जानकारी साझा की गई, वह केंद्र में प्रचलित वास्तविक व्यवस्था से मेल नहीं खाती।
राजीव सिन्हा ने बारदाने के वजन का अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि नए बारदाने के लिए निर्धारित कुल वजन 40.625 किलोग्राम है, जबकि पुराने बारदाने में वजन के अंतर को देखते हुए लगभग 40.800 किलोग्राम तौल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुराने बारदाने के मामले में यह अंतर किसानों की सहमति से लिया जा रहा है। ऐसे में नए और पुराने बारदाने के वजन के अंतर को समझे बिना इसे अनियमितता बताना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों और वास्तविक व्यवस्था की जानकारी लेकर ही कोई निष्कर्ष निकालना चाहिए। भ्रामक जानकारी से किसानों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा होती है। किसानों को सही जानकारी देना ही सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और यहां के किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों के परिश्रम से ही प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने और कृषि सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कृषक उन्नति योजना से किसानों को आर्थिक मजबूती, 13,839 रुपये आदान सहायता का प्रावधान पंडित राजेश
पंडित राजेश शर्मा ने कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों को केवल धान का उचित मूल्य ही नहीं दे रही, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आदान सहायता भी उपलब्ध करा रही है। खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए पात्र धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता का प्रावधान किया गया है। यह सहायता किसानों को कृषि लागत में राहत देने, उनकी आय बढ़ाने और खेती को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, तौल और बारदाने की व्यवस्था सुचारू रहे तथा भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार सजग है और किसानों के हितों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के साथ खड़ी है। भाजपा के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि प्रदेश के प्रत्येक सोसायटी खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा और सुचारू एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सजग हैं।
उन्होंने कहा कि किसान खुशहाल होगा तो गांव खुशहाल होगा और गांव खुशहाल होगा तो छत्तीसगढ़ समृद्ध बनेगा।भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा के साथ भाजपा नेता राजीव सिन्हा, रामकृष्ण ध्रुव, व्यवस्थापक टीकाराम सिन्हा, देवेंद्र साहू, राजू सोनकर, अशोक साहू, अरुण यादव, समारू यादव, हमाल ठेकेदार गोपी सिन्हा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर उपस्थित रहे।
