सोरिद वार्ड में सभापति कौशिल्या देवांगन ने कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों के साथ सुना ‘मन की बात’ का 140वां एपिसोड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और प्रेरणादायी संदेशों को आत्मसात करने बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता एवं नागरिक

धमतरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का सोरिद वार्ड (डिपोपारा) में सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन सहित भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं एवं वार्ड के गणमान्य नागरिकों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री जी के संबोधन को सुना और उनके विचारों एवं प्रेरणादायी संदेशों को आत्मसात किया।
इस अवसर पर सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को आपस में जोड़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों, समाजसेवियों, नवाचार करने वाले युवाओं और देश की संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले व्यक्तियों के प्रयासों को देश के सामने लाते हैं।
सभापति ने कहा कि इस कार्यक्रम से हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध होता है। प्रधानमंत्री जी के विचार हमें जनसेवा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को उनके संदेशों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और देश के विकास में सहभागी बनना चाहिए।कार्यक्रम में दानेश्वर साहू, पंकज गौतम, कमल, राजेश्वर, चंद्रहास सेन, रेखा मांचल सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के विचारों को सुनते हुए राष्ट्रहित एवं समाजहित में सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लिया।

