Uncategorized

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को हो रही समस्याएँ , समय पर नही हो रहा भुगतान – गुरुमुख सिंह होरा

धान खरीदी केंद्र चलो अभियान के तहत कांग्रेसियों ने चर्रा और कातलबोड़ सोसायटी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कुरुद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे धान खरीदी केंद्र चलो अभियान के तहत ब्लाक कांग्रेस कुरूद, द्वारा चर्रा और कातलबोड़ केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करना और किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना है। अभियान के प्रभारी पीसीसी उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कुरूद ब्लॉक की विभिन्न कृषि सहकारी साख समितियों में जाकर धान खरीदी की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद किया। समस्याओं पर गौर करते हुए गुरमुख सिंह होरा ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में तय मात्रा से 200 ग्राम से 300 ग्राम तक अधिक तौलाई की जा रही है, जो किसानों के लिए एक गंभीर समस्या है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह अतिरिक्त तौल किसानों के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ बन रहा है। इसके अलावा, किसानों ने बताया कि नमी के नाम पर उनके धान को वापस भेज दिया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस कारण किसानों को अतिरिक्त राशि का भुगतान करना पड़ रहा है, जो उनके लिए एक और वित्तीय दबाव बना हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि साय सरकार ने किसानों से वादा किया था कि धान बेचने के 72 घंटे के भीतर उनकी राशि का भुगतान किया जाएगा, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद किसानों को उनकी राशि नहीं मिल पाई है। इससे किसानों को सोसायटी और बैंक का चक्कर काटने पर मजबूर होना पड़ रहा है, जो उनके लिए बहुत ही असुविधाजनक और कष्टप्रद है। पूर्व विधायक लेखराम साहू और गुरमुख सिंह होरा ने सोसायटी प्रबंधकों से बात कर ओवर वेट तौलाई की सतत निगरानी रखने की अपील की, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात कही कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार न हो। इस अवसर पर कुरूद ब्लॉक के अध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!