नहीं मिला अतिरिक्त बल, स्थानीय बल द्वारा ही सम्पन्न कराया जाएगा चुनाव
धमतरी नगर निगम सहित पांच नगर पंचायतों के लिए बनाये गये 160 मतदान केन्द्र, प्रत्येक मतदान केन्द्र में तैनात होंगे दो जवान
संवेदनशील मतदान केन्द्रो में शांति पूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

धमतरी। नगरीय निकाय चुनाव अन्तर्गत निर्वाचन प्रक्रिया जारी है। जिसके तहत कल धमतरी नगर निगम के 40 वार्ड व जिले के पांच नगर पंचायतों नगरी, कुरुद, मगरलोड, भखारा, आमदी के कुल 115 वार्डो में चुनाव होंगे जहां मतदाता महापौर, नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षद चुनने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह 8 बजे से मतदान प्रारंभ होगा। मतदान दल भी आज रवाना हो गए है। चुनाव मे सुरक्षा व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में इस बार चुनाव शांति पूर्ण सम्पन्न कराने अतिरिक्त बल की सुविधा जिला पुलिस को नही मिली है। ऐसे में स्थानीय पुलिस बल द्वारा ही शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना होगा जो कि बड़ी चुनौती है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के निगम व 5 नगर पंचायतों के लिए कुल 160 मतदान केन्द्र बनाये गये है। जिसमें 108 राजनीति संवेदनशील, 44 संवेदनशील, 8 सामान्य मतदान केन्द्र है। धमतरी निगम अन्तर्गत 83 मतदान केन्द्र है। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 296 राजनीतिक संवेदनशील, 161 अतिसंवेदनशील, 122 नक्सल संवेदनशील, 59 संवेदनशील 320 सामान्य मतदान केन्द्र है। कुल 958 मतदान केन्द्र बनाये जाएंगें। निकाय व पंचायत चुनाव हेतु मतदान केन्द्रो में पर्याप्त बल तैनाती कर शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना बड़ी जिम्मेजदारी होगी। मतदान दलों के साथ ही आज से ही मतदान केन्द्रो में 2-2 पुलिस बल की तैनाती होगी।
मतदान केन्द्रो में पुलिस बल की तैनाती के साथ ही 6 पेट्रोलिंग टीम भी तैनात की जाएगी जो लगातार पेट्रोलिंग कर मतदान केन्द्रो में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करेगी। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा मतदान कार्य निर्वघ्न सम्पन्न कराने पल-पल की जानकारी ली जाएगी।
”प्रत्येक मतदान केन्द्र में दो जवानों की तैनाती की गई है। 6 पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई है जिनके द्वारा सभी केन्द्रो में पेट्रोलिंग की जाएगी। कंट्रोल रुम के माध्यम से भी मतदान कार्य की सतत मॉनिटरिंग होगी। ÓÓ
मणीशंकर चन्द्राकर
एएसपी धमतरी

