नगर निगम ने निपटाए सभी पेंडिंग जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नागरिकों को बड़ी राहत

धमतरी-नगर निगम में लम्बे समय से पेंडिंग जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों को आखिरकार जारी कर दिया गया। महापौर रामू रोहरा के निर्देश पर निगम प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर सभी अटके हुए आवेदनों का निस्तारण किया।
महापौर के निर्देश पर बदला गया कक्ष, बड़े हॉल में हुआ कार्य
शहरवासियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए महापौर रामू रोहरा ने कार्यालय में जन्म मृत्यु प्रणाम पत्र हेतु एक बड़ा कक्ष उपलब्ध करवाया, ताकि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से हो सके। पहले छोटे कक्ष में काम होने के कारण नागरिकों को लंबी कतारों और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब बड़े हॉल में सुव्यवस्थित तरीके से आवेदन निपटाए जायेंगे।
गौरतलब है कि नगर निगम के सभी कंप्यूटर ऑपरेटरों ने तेजी से काम करते हुए पेंडिंग आवेदनों का निपटारा किया। महापौर ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों की सराहना की और कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और तेज और पारदर्शी बनाई जाएगी, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नागरिकों को मिली राहत, जताया आभार
लंबे समय से अपने प्रमाण पत्रों के लिए परेशान नागरिकों ने जब अपने दस्तावेज प्राप्त किए, तो उन्होंने राहत महसूस की। कई लोगों ने निगम प्रशासन और महापौर का धन्यवाद किया और इस त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा की। अब नगर निगम की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसे हालात न बने और सभी प्रमाण पत्र समय पर जारी किए जाएं।