बारिश के पूर्व बेहतर निकासी के लिए निगम अलर्ट, बड़े नालों की सफाई शुरु
साल्हेवारपारा के बड़े नालियों से निकाला गया 10 ट्रक मलबा
आज आमापारा में जारी है सफाई अभियान, भीतर तक निकाला जा रहा मलबा

धमतरी। नगर निगम द्वारा बरसाती पानी की बेहतर निकासी हेतु बारिश के कई महीने पूर्व ही गंभीरता दिखाते हुए शहर में वृहद अभियान चलाकर बड़े नालो की सफाई कराई जा रही है। निगम स्वास्थ्य विभाग एमआईसी मेम्बर निलेश लुनिया उक्त अभियान को लेकर अधिकारी कर्मचारियों को निर्देशित कर रहे है। शनिवार से सफाई अभियान शुरु हुआ है। पहले दिन साल्हेवारपारा में नालो की सफाई जेसीबी व गैंग के माध्यम से की गई। जिसमें 10 ट्रक से अधिक मलबा निकाला गया. वहीं आज दूसरे दिन आमापारा वार्ड में सफाई अभियान शुरु हुआ जहां नालों के भीतर मलबा निकाला जा रहा है। बारिश के पहले अभियान शुरु किया जा चुका है। एक महीने के भीतर चिन्हित सभी वार्डो में नालों की सफाई कराई जाएगी। इसके पश्चात बारिश के पूर्व पुन: एक बार सफाई अभियान चलाया जायेगा ताकि बरसाती पानी की निकासी बेहतर हो।
सफाई के लिए लगाया गया गैंग, ली जा रही जेसीबी की मद्द
चर्चा के दौरान निगम स्वास्थ्य विभाग एमआईसी मेम्बर निलेश लुनिया ने बताया कि नालों की सफाई के लिए 7 कर्मचारियों का गैंग तैनात किया गया है। जेसीबी की मद्द सफाई में ली जा रही है। जल्द ही 20 कर्मचारियों की टीम बनाई जाएगी जो कि वृहद स्तर पर सफाई कार्य सम्पादित करेगी। जिन स्थानों पर जेसीबी की पहुंच नहीं है वहां मैनुअली मेन फोर्स लगाकर सफाई कार्य कराया जा रहा है।
बारिश के पूर्व दो बार चलेगा वृहद सफाई अभियान, निकासी, स्वच्छता व्यवस्था होगी बेहतर – निलेश लुनिया

निगम स्वास्थ्य विभाग एमआईसी मेम्बर निलेश लुनिया महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में शहर को स्वच्छ बनाने व निकासी व्यवस्था बेहतर करने हेतु जुटे हुए है। इसके तहत विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को लगातार निर्देशित कर रहे है। स्वयं रोजाना सफाई अभियान का निरीक्षण कर रहे है। साथ ही श्री लुनिया ने जनता से अपील की है कि नालियों में कचरा न डाले, विशेष कर पॉलीथीन डालने से बचे इससे नालियां जाम होती है, स्वच्छता व निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है। और बारिश के मौसम में जल भराव की समस्या बढ़ जाती है। बारिश के पूर्व दो बार शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा।

