Uncategorized

हज प्रक्रिया हुई आसान, नरेन्द्र मोदी सरकार में बढ़े अवसर-रामू रोहरा

धमतरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

धमतरी। छत्तीसगढ़ हज कमेटी के तत्वाधान में स्थानीय जैनब पैलेस में धमतरी एवं कांकेर जिले के हज यात्रियों के लिए एक विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर रामू रोहरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हज यात्रा के महत्व और वर्तमान व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला।
महापौर ने कहा कि पहले हज यात्रा के लिए देशभर से लाखों आवेदन आते थे, लेकिन सीमित कोटा के कारण चयन लॉटरी प्रणाली से किया जाता था, जिससे कई लोगों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हज प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और सुगम बनाया गया है। अब आवेदन प्रक्रिया व्यवस्थित होने के साथ अधिक से अधिक पात्र लोगों को यात्रा का अवसर मिल रहा है, जिससे आम मुस्लिम समाज को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से 800 से अधिक हज यात्री पवित्र यात्रा पर रवाना होंगे। राज्य सरकार एवं छत्तीसगढ़ राज्य हज समिति द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसमें यात्रियों के लिए प्रशिक्षण सत्र, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, पासपोर्ट एवं वीजा संबंधी सहायता, तथा यात्रा से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देश शामिल हैं।
महापौर ने हज यात्रा को अनुशासन, धैर्य और त्याग का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि और मानवता की सेवा का संदेश देने का अवसर भी है। उन्होंने हज यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति, भाईचारे और सौहार्द का परिचय दें तथा देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा हज यात्रा की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें इहराम बांधने की विधि, मक्का और मदीना में किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठान, यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, स्वास्थ्य संबंधी सुझाव, और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय शामिल थे। यात्रियों को समूह में रहने, समय का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हज यात्री एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हज यात्रियों को आवश्यक सामग्री एवं मार्गदर्शिका भी वितरित की गई, जिससे वे अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सफल बना सकें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!