कुछ देर की बारिश में ही आमापारा हुआ जलमग्न, वार्डवासी हुए परेशान
एक फीट तक भरा पानी, वार्डवासियों को सता रही बरसाती पानी निकासी की चिंता

धमतरी. गर्मी के मौसम में हुई हल्की बारिश में भी आमापारा वार्ड में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई। जिससे वार्डवासियों को अभी से आगामी बारिश के मौसम की चिंता सता रही है। दस से पंद्रह मिनट तक ही बारिश हुई है, लेकिन इतनी ही बारिश ने शहर के कई इलाकों में निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। आमापारा सहित कई जगहों पर सड़कों में पानी भर जाने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को शाम 4 बजे के बाद बारिश शुरु हो गया, लगभग 10 से 15 मिनट तक लगातार बारिश होती रही। बारिश थमने के बाद नजारा बरसात के सीजन जैसा नजर आया। शहर के कुछ इलाकों में सड़क पानी में डूबे नजर आये, आमापारा इलाके में सड़क में लगभग एक फीट तक पानी भरा हुआ था, जिसके चलते राहगीरों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के इस नजारे ने नगर निगम के पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। आम लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि जब गर्मी के सीजन में हल्की बारिश से ही ऐसा हाल है तो बरसात के सीजन में स्थिति क्या होगी, बरसात के सीजन में तो सड़कों के साथ ही घरों के डूबने की नौबत भी आ सकती है। नगर निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को इसे गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था दुरुस्त करना चाहिये।