नाले में गिरा 7 साल का बालक, पाइप में फंसे होने की आशंका, वार्डवासियों में आक्रोश
शहर के भर्रीपारा-सोरिद वार्ड की घटना

धमतरी। शहर के भर्रीपारा-सोरिद वार्ड में रविवार शाम करीब 5:30 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेलते-खेलते एक 7 वर्षीय बालक नाले में गिर गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में वार्डवासी जुट गए और बच्चे की तलाश शुरू की गई। मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंच गई है
जानकारी के अनुसार भर्रीपारा-सोरिद वार्ड निवासी लक्ष साहू, कक्षा दूसरी का छात्र है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम वह अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नाले में जा गिरा। इसके बाद से बालक का पता नहीं चल पाया है।
नाले के पाइप में फंसे होने की आशंका
घटना के बाद परिजनों और वार्डवासियों ने आसपास तलाश की। आशंका जताई जा रही है कि पानी के तेज बहाव के कारण बालक नाले के पाइप के अंदर फंस गया हो। इसी को लेकर वार्डवासियों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है।मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यदि बच्चा पाइप के अंदर फंसा है तो उसे बाहर निकालने के लिए पाइप को तोड़कर तत्काल तलाशी अभियान चलाया जाना चाहिए। वार्डवासी पाइप तोड़कर बच्चे को बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं वार्डवासियों द्वारा बच्चे की सकुशल तलाश के लिए तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई की मांग की जा रही है।