सेवा संकल्प अभियान:जब युवाओं ने थामा सेहत का हाथ, नशे को कहा ‘ना’
स्वस्थ युवा–सशक्त समाज की दिशा में धमतरी में स्वास्थ्य जागरूकता की पहल

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत एक स्वस्थ युवा केवल अपने भविष्य को नहीं संवारता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी मजबूत बनाता है। इसी सोच को जनभागीदारी और युवा शक्ति से जोड़ते हुए धमतरी में युवाओं ने नशे से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान, ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ 100 सप्ताह अभियान एवं ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा अभिमान’ कार्यक्रम के अंतर्गत मेरा युवा भारत धमतरी द्वारा जिला चिकित्सालय में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में युवाओं के साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ जागरूकता का संदेश भी दिया गया। रक्त परीक्षण, रक्तचाप, ब्लड शुगर, सीबीसी और एक्स-रे जैसी आवश्यक जांच निःशुल्क की गईं। चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसी दौरान एक जरूरतमंद रक्तग्राही को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया। इस तरह शिविर स्वास्थ्य परीक्षण से आगे बढ़कर सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बना।
स्वास्थ्य जांच के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
आज की बदलती जीवनशैली में युवाओं के सामने नशे और अस्वास्थ्यकर आदतों से जुड़ी चुनौतियां भी मौजूद हैं। ऐसे में शिविर के माध्यम से युवाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम, पर्याप्त नींद और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से स्वयं को बचाने और अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक गतिविधियों, शिक्षा, खेल, कौशल विकास और समाजसेवा में करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रुति डोंगरे ने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति आवश्यक है। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आदित्य सिन्हा ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से अनेक बीमारियों की समय पर पहचान की जा सकती है। बीमारी के प्रारंभिक लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच कराना बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविर लोगों को जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उपयोगी साबित होते हैं।
सेवा से संकल्प तक—युवाओं की सकारात्मक भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सुरेश कुमार साहू ने किया। समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रुति डोंगरे ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भूपेंद्र दास मानिकपुरी, युवा स्वयंसेवक योगेश्वर सिन्हा, संकेत कुमार साहू, ओम मरकाम, एनसीसी कैडेट, युवा स्टार सेवा समिति खरतूली के सदस्य सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

