धूमधाम से निकाली गई भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा
शोभायात्रा में शामिल होने उमड़ी हजारों भक्तों की भीड़, श्रीराम के जयकारो से गूंजा शहर
रास्ते भर विभिन्न संगठनों, समाजसेवी व जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया स्वागत

धमतरी। रामनवमी आयोजन समिति द्वारा मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव को महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इसके तहत रामनवमी पर्व समिति द्वारा बनियापारा स्थित सिद्धेश्वर महाकालेश्वर मंदिर से सर्वप्रथम भगवान राम, माता सीता एवं भैय्या लक्ष्मण की पूजा की गई। पश्चात उन्हें विशेष रथ में विराजित कर तिलक संस्कार, श्रृंगार हुआ पश्चात महाआरती हुई। इसमें महापौर रामू रोहरा शामिल होकर जिलेवासियों के लिए मंगल कामना की। इसके उपरांत धूमधाम से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। ऐतिहासिक अनूठे यात्रा में जनप्रतिनिधि के अलावा हजारों भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभायात्रा की अगुवाई करते युवा भक्त भगवान राम के भक्ति भरे गीतों में जमकर झूमते रहे। इस बीच मर्यादा पुरूषोत्तम राम के जयकारे गूंजायमान होने से धर्म की नगरी इसकी भक्ति में डूबा हुआ नजर आया। रामनवमी के तहत निकाले गये शोभायात्रा को लेकर पूरे शहर को भगवाध्वज सहित अन्य सामाग्रियों से सजाया गया था, जो कि आकर्षण का केन्द्र बना रहा। शोभायात्रा बनियापारा से निकली। जो रत्नाबांधा चौक, घड़ी चौक, कचहरी चौक, सदर बाजार, रामबाग होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर में सपन्न हुआ। रामनवमी आयोजन समिति द्वारा परंपरागत ढंग से निकाली गई विशाल शोभायात्रा में भगवान राम व माता सीता एवं भैय्या लक्ष्मण तथा संकट मोचन हनुमान विशेष रथ में सवार होकर भक्तों के बीच पहुंचे। 17 सालों से निकाली जा रही शोभायात्रा पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना रहा। इसमें खैरागढ़ से पहुंची भगवान विष्णु का दसवां अवतार कल्कि भगवान एवं राक्षस मर्दन सहित कई नयनाभिराम झांकियां आकर्षण का केन्द्र बनी रही। साथ ही छात्रपति शिवाजी चौक में अयोध्या के रामलला के छाया प्रतिमा भी आकर्षण रहा। शोभायात्रा में जयबजरंग अखाड़ा भटगांव के युवा कलाकारों द्वारा रास्ते भर एक से बढ़कर एक हैरत अंगेज करतब दिखाये गये। सिक्ख समाज के युवा कलाकारों द्वारा लाठी चाल, तलवार चाल सहित अन्य करतब दिखाये गये। मर्यादा पुरूषोत्तम राम के शोभायात्रा का रत्नाबांधा चौक में धीवर समाज ने स्वागत किया, पीडी नाला के पास धमतरी देवांगन मंडल एवं पुराना बस स्टैण्ड के पास राजपुत क्षत्रिय समाज तथा जिला साहू समाज ने पुष्पवर्षा से स्वागत कर अपनी आस्था प्रकट की। इसी प्रकार पीडी नाला के पास भाजपाईयों द्वारा पुष्पवर्षा से स्वागत कर मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू, बिथिका विश्वास, पार्षद अखिलेश सोनकर, विभा चन्द्राकर, भागवत देवांगन सहित अन्य भाजपाई मौजूद थे। साथ ही विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा भी शोभायात्रा का स्वागत किया गया। घड़ी चौक में औषधि विक्रेता संघ एवं सर्वहिन्दू समाज द्वारा स्वागत किया गया। गोलबाजार के पास झूलेलाल मंडल एवं गोल बाजार सब्जी विक्रेता संघ ने जोशीला स्वागत किया। मठमंदिर चौक में गुजराती समाज एवं जलारामज्ञान यज्ञ समिति ने स्वागत किया। इसी प्रकार पूरे रास्तेभर विभिन्न समाज एवं संगठन के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर शीतल पेय सहित प्रसादी वितरण भी किया। इसमें युवा नेता आनंद पवार, समाजसेवी राजेश शर्मा, रीतुराज पवार, डिपेन्द्र साहू, अवनेन्द्र साहू, दीपक चोपड़ा, डॉ. हीरा महावर, विनोद रणसिंह, महेन्द्र खंडेलवाल, पार्षद राकेश चंदवानी, पिन्टू यादव, कुलेश सोनी, संतोष तेजवानी, नील पटेल, दिलीप पटेल, लक्ष्मीनारायण साहू, सूरज फूटान के अलावा आयोजन समिति के तीरथराज फूटान, अशोक पवार, दिलीप बडज़ात्या, नंदू जसवानी, गणेश कोसरिया, शिखर कोचर, देवेन्द्र थवाइत, आशीष थिटे, घनाराम सोनी, प्रतीक सोनी, राजकुमार फूटान, दीपेश मोटवानी सहित हजारों भक्त शामिल हुए।
