Uncategorized

गरीबी से संपन्नता प्राप्त करने का मार्ग है सहकारिता: डॉ दीक्षित


धमतरी। जिला सहकारी संघ धमतरी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के तहत कोऑपरेटिव बैंक शाखा मगरलोड के अंतर्गत 8 पैक्स समितियो के सदस्यों व कृषको हेतु सहकारिता में नवीन चेतना के अंतर्गत सहकारिता क्षेत्र में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुधारो की आवश्यकता व ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर 25 अप्रैल 2025 को एकदिवसीय संगोष्ठी का आयोजन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मोंहदी के परिसर में संपन्न हुआ।सहकार से समृद्धि विषय पर अपने उद्बोधन में मुख्य वक्ता डॉ ए एन दीक्षित ने कहा कि हमारे देश में सहकारिता आंदोलन की शुरुआत मुख्यत: साख सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु ही हुई है। उपनिवेश काल में अंग्रेजों की नीति के कारण ग्रामीण कृषि का ह्रास हुआ। कुटीर उद्योग नष्ट हो गए और जमींदारी प्रथा के कारण किसानों का शोषण चरम पर पहुंचा। कृषि की दशा सुधारने एवं संस्थागत साख की व्यवस्था हेतु 1904 में सहकारी साख अधिनियम को देश में सहकारिता का प्रारंभ बिंदु माना जाता है। सन् 1905 में 843 समितियो से 1912 में 8177 और आज देश में 98 000 प्राथमिक कृषि साख समितियां हो गई हैं। सभी प्रकार की समितियो की संख्या 8.54 लाख है, जिसमें 30 करोड़ सदस्य हैं। ग्रामीण भारत के 98त्न भाग में सहकारिता की पहुंच है। सहकारिता आंदोलन को देश की आर्थिक विकास का उपकरण बनाने हेतु 2021 में नवीन सहकारिता मंत्रालय के अधीन सहकारी क्षेत्र के पुनरोद्धार हेतु अनेक सुधार केंद्र शासन द्वारा किए गए हैं, जिन्हें सहकार से समृद्धि का नाम दिया गया है। सहकार से समृद्धि के लिए ये मंत्र प्राथमिक कृषि साख समितियो के उन्नयन, सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार, नागरिक सहकारी बैंकों को अधिक सक्रिय बनाने, सहकारी चीनी मिलों में सुधार, सहकारी संस्थाओं पर टैक्स ढांचे को युक्ति संगत बनाने, बहुराज्यीय समितियो के नियमों में सुधार, सहकारी शिक्षण और प्रशिक्षण की व्यवस्था में सुधार, सहकारी प्रबंध को व्यावसायिक प्रबंधन में रूपांतरण, सहकारिता विश्वविद्यालय की स्थापना तथा सभी सहकारी समितियो का एक विश्व स्तरीय डाटाबेस तैयार करने से जुड़ा है ।इन सभी उपायों से सहकारी क्षेत्र को अधिक जीवंत बनाकर सन् 2047 तक राष्ट्र को एक विकसित राष्ट्र की श्रेणी में पहुंचाने हेतु प्रत्येक समिति को, प्रत्येक सदस्य को अपनी पूरी निष्ठा लगन और ईमानदारी से सहकार से समृद्धि के मंत्र को सफल बनाने हेतु जुट जाना होगा। संगोष्ठी का शुभारंभ पैक्स मोंहदी के प्राधिकृत अधिकारी जनक लाल साहू, ग्राम पंचायत मोंहदी सरपंच श्रीमती अनीता लहरे, कृष्ण कुमार ध्रुव सदस्य जनपद पंचायत मगरलोड, श्रवण साहू पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत मोंहदी, जिला सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू, संघ प्रबंधक एपी गुप्ता, प्रशिक्षक पूर्व प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय धमतरी डॉक्टर ए एन दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति में भारत माता के चित्र पर पूजन अर्चन व दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में इंडियन फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड धमतरी के षडबदन सिन्हा द्वारा इफको, नैनो यूरिया व नैनो डीएपी आधारित जानकारी दी गई। कार्यक्रम को मंचस्थ अतिथियों द्वारा भी संबोधित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंचासीन अतिथियों को श्रीफल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पैक्स मोंहदी के गोपाल राम साहू, अशोक कुमार साहू, राजेंद्र कुमार निषाद, सेवक राम, लोकेश्वर साहू, फागूराम मंडावी, कमल नारायण यादव, डोमार ध्रुव, डोमन लाल साहू सहित बड़ी संख्या में सहकारी क्षेत्र से जुड़े सदस्य व कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ प्रबंधक एपी गुप्ता और आभार प्रदर्शन पैक्स मोंहदी के राजेंद्र कुमार निषाद ने किया।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!