Uncategorized

मंगल बाजार को सुव्यवस्थित करने से बाजार में बढ़ी सहुलियत

नगर पंचायत कुरुद के इस पहल की हो रही सराहना


कुरूद। नगर पंचायत कुरुद द्वारा स्थानीय मंगल बाजार में सब्जी, फल, कपड़ा और अन्य दुकानों को व्यवस्थित तरीके से मार्किंग कर सजाने का कार्य किया गया है, जिससे आम लोगों ने राहत महसूस की है। सप्ताह में एक बार लगने वाला यह पारंपरिक हाट-बाजार अब नए कलेवर में नजऱ आ रहा है, जिससे न केवल खरीददारों को सुविधा हो रही है बल्कि विक्रेताओं को भी व्यवस्थित ढंग से अपना व्यापार चलाने में सहूलियत मिल रही है। नगर पंचायत की इस पहल की स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं, दुकानदारों और महिलाओं ने सराहना की है। अधिवक्ता सूरज प्रसाद लंबा ने कहा कि कुरुद का यह हाट बाजार वर्षों से अस्त-व्यस्त स्थिति में था। अब जो व्यवस्था की गई है वह राहत देने वाला कदम है। चर्रा निवासी राजकुमार साहू ने कहा नगर पंचायत का यह कदम सराहनीय है। बाजार में आई छात्रों एवं महिलाओं शिवांगी साहू, ज्योति साहू, मान बाई, सुरेखा और ललिता ने बताया कि पहले बाजार में अव्यवस्था के कारण असहजता महसूस होती थी, लेकिन अब बाजार की सुंदर और सुव्यवस्थित व्यवस्था से महिलाओं को खरीदारी में काफी आसानी हो रही है। हालांकि, कुछ नागरिकों ने यह सुझाव भी दिया कि मांस-मछली की दुकानों को अलग स्थान पर स्थानांतरित किया जाए ताकि अन्य दुकानों और ग्राहकों को असुविधा न हो और संबंधित व्यवसायी भी अपने काम को बेहतर ढंग से कर सकें। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेंद्र राज गुप्ता ने बताया कि हाट बाजार में आगमन की सुविधा बढ़ाने हेतु कुरुद के आस-पास के ग्रामीणों को जो परेशानी होती थी, उसे ध्यान में रखकर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। नगर हित के लिए जो भी सुझाव मिल रहे हैं, उन पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!