विदेश

सीमा हैदर से मेरी तुलना गलत, मैं तो… पाकिस्तान गई अंजू ने बता दिया अपना फ्यूचर प्लान…

कुछ समय पहले तक पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा हैदर और ग्रेटर नोएडा का रहने वाला सचिन मीणा चर्चा का विषय बना हुआ था।

अब भारत से पाकिस्तान गई अंजू सुर्खियों में है। अंजू वीजा लेकर राजस्थान के भिवाड़ी से नसरुल्लाह के लिए पाक पहुंची है। बीते दिन दोनों के निकाह करने की भी खबरें सामने आईं, लेकिन दोनों ने आधिकारिक रूप से इससे इनकार कर दिया।

सीमा हैदर से हो रही तुलना पर अंजू ने सफाई पेश की है। उसने इसे गलत बताते हुए दावा किया है कि वह भारत वापस आ जाएगी। अंजू ने एक इंटरव्यू में खुद के पाकिस्तान में होने की पुष्टि की है।

उसने कहा है कि वह पेशावर से आगे एक दीर अपर इलाका है, वहां पर है। यह पहाड़ी इलाका है। 

अंजू पाकिस्तान क्यों गई, इस सवाल पर उसने कहा है कि वह वहां एक शादी है, जिसमें वह शामिल होने के लिए गई है। पाक में वह अपने एक दोस्त के पास रुकी है। अंजू ने ‘आजतक’ से बातचीत में कहा, ”सीमा हैदर से तुलना करना गलत है। मैं तो वापस लौट आऊंगी। पाकिस्तान में सुरक्षित हूं।”

उसने फ्यूचर प्लान के बारे में बताया है कि वह आने वाले दो से चार दिनों में भारत वापस लौट आएगी। वह अपने दफ्तर से दस दिनों की छुट्टी लेकर पाकिस्तान गई है।

वह कहती है, ”मैं जल्दी ही वापस लौट आऊंगी। फ्यूचर को लेकर कुछ भी निर्णय लेती हूं तो यह सभी को बताऊंगी।” पाकिस्तान गई अंजू ने दोहराया है कि उसके अपने पति के साथ रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं। वह अपने बच्चों के साथ रहना चाहती है। हालांकि, उसने अपने पति से अलग रहने की भी बात कही है।  

अंजू की दोस्ती पाकिस्तान में रहने वाले नसरुल्लाह से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद उसने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की यात्रा की।

मंगलवार को जानकारी सामने आई कि दोनों ने निकाह कर दिया। हालांकि, अब दोनों इससे इनकार कर रहे हैं। साथ ही, अंजू के धर्म परिवर्तन करके फातिमा बनने की भी बातें सामने आईं।

अंजू के पिता ने इन रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रया भी दी। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बौना गांव में पत्रकारों से बात करते हुए उसके पिता गया प्रसाद थॉमस ने कहा, ”उसने अपने दो बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया है।”

उन्होंने कहा, ”जिस तरह वह अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर भाग गई..उसे अपने बच्चों के बारे में भी नहीं सोचा। अगर उसे ऐसा करना था तो पहले अपने पति को तलाक देना चाहिए था। वह अब हमारे लिए (जीवित) नहीं है।”

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!