बोदाछापर में सम्पन्न हुई त्रिदिवसीय अखण्ड श्रीरामधुनी प्रतियोगिता
महापौर रामू रोहरा रहे मुख्य अतिथि, लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ विकास कार्यों को दी सौगात

धमतरी। ग्राम बोदाछापर में भक्ति और श्रद्धा के माहौल में आयोजित त्रिदिवसीय अखण्ड श्रीरामधुनि प्रतियोगिता का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती धनेश्वरी साहू ने की। महापौर श्री रोहरा ने कहा कि ग्रामवासियों का यह प्रयास धर्म और विकास के आदर्श संगम को दर्शाता है। जहाँ धर्म समाज को एकजुट करता है, वहीं विकास कार्य गाँव को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाते हैं। समापन समारोह के बाद महापौर श्री रोहरा ग्राम देवरी पहुँचे, जहाँ उन्होंने ग्राम पंचायत देवरी (बोदाछापर) में भव्य स्वागत द्वार का लोकार्पण, संस्कृति कला मंच का शुभारंभ तथा सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे ताकि गाँव-गाँव तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचे और सांस्कृतिक धरोहर भी जीवित रहे।


