Uncategorized

57 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा कर 5 हजार की भर्ती,भाजपा का छलावा हुआ फिर उजागर – विधायक ओंकार साहू

छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा 57 हजार शिक्षक भर्ती की घोषणा कर अब मात्र 5 हजार शिक्षकों की भर्ती की बात करना प्रदेश के लाखों शिक्षित बेरोजगार युवाओं के साथ एक बड़ा छलावा है। इस विषय पर धमतरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक ओंकार साहू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के साथ राजनीतिक खेल खेल रही है। चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे कर जनता को भ्रमित करने वाली भाजपा अब अपने ही वादों से पीछे हट रही है।विधायक ओंकार साहू ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी के कारण शासकीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है। जहां एक ओर विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं, वहीं दूसरी ओर योग्य अभ्यर्थी वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने 57 हजार शिक्षक भर्ती का शोर मचाकर युवाओं की उम्मीदें जगाई थीं, लेकिन अब केवल 5 हजार भर्ती की बात कर यह साबित कर दिया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं की सरकार है, जमीन पर उसका कोई अमल नहीं है।उन्होंने आगे कहा कि यह भी चिंताजनक है कि अभी तक व्यापम के परीक्षा कैलेंडर या भर्ती सूची में शिक्षक भर्ती को शामिल तक नहीं किया गया है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार का न तो इस भर्ती को लेकर कोई रोडमैप है और न ही युवाओं के भविष्य की चिंता। भाजपा की नीयत सिर्फ प्रचार और फोटो सेशन की राजनीति तक सीमित है।श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित होती थी। भाजपा सरकार के आने के बाद न तो भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता है और न ही समयबद्धता। इससे प्रदेश के बेरोजगार युवाओं में आक्रोश और निराशा बढ़ रही है।विधायक ओंकार साहू ने भाजपा सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करे, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुधरे और युवाओं को रोजगार का अवसर मिले।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!