Uncategorized

छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष पर सार्थक स्कूल में विशेष बच्चों के लिए रचनात्मक एवं खेलकूद कार्यक्रम सम्पन्न

छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष 2025–26 के अवसर पर मानसिक दिव्यांग बच्चों के प्रशिक्षण एवं सेवा केंद्र सार्थक स्कूल, धमतरी में ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य संवर्धन हेतु एकल एवं समूह खेलकूद तथा ड्राइंग–पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस अवसर पर सार्थक स्कूल में अध्ययनरत विशेष बच्चों ने प्रशिक्षक देविका दीवान एवं काजल रजक के निर्देशन में आकर्षक, सुंदर एवं प्रेरणादायी चित्रकला की प्रस्तुति दी। बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक विषयों पर चित्र उकेरे। इनमें बस्तर आर्ट, स्वच्छता अभियान, शिक्षा—जीवन का आधार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वर्ड डिसएबिलिटी, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, अपना स्कूल सबसे प्यारा तथा फ्लावर–बटरफ्लाई जैसे विषय प्रमुख रहे।साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए रोचक खेलकूद भी संपन्न हुए। बुक बैलेंसिंग, बॉल टप्पा, बॉल इन बकेट, सामान्य दौड़, म्यूजिकल कुर्सी दौड़ जैसी खेलात्मक प्रस्तुतियों में बच्चों ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ सहभागिता निभाई। सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने बताया कि शीत ऋतु में बच्चों को योग, प्राणायाम एवं नियमित एक्सरसाइज के माध्यम से ऊर्जावान, सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके सकारात्मक परिणाम निरंतर देखने को मिल रहे हैं।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से स्कूल में बच्चों के प्रशिक्षण हेतु अनेक नवाचारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।जिससे बच्चे अध्ययन एवं नवीन प्रयोगों के प्रति अधिक रुचि और उत्साह प्रदर्शित कर रहे हैं।उक्त समस्त कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन सार्थक की सचिव स्नेहा राठौड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, काजल रजक, कौशिल्या यादव, सुनैना गोड़े सहित बच्चों के पालकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!