Uncategorized

विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 23 दिसंबर को धमतरी में

युवाओं की प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का होगा उत्सव

धमतरी, 22 दिसंबर 2025/स्थानीय बाबू पंढरीराव कृदत्त इंडोर स्टेडियम में कल 23 दिसंबर को विधानसभा स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में धमतरी एवं कुरूद विधानसभा क्षेत्र के वे संकुल स्तरीय प्रतिभागी एवं टीमें भाग लेंगी, जिन्होंने प्रथम चरण में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
युवाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव 2025–26 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत संकुल स्तरीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं और अब दूसरे चरण के रूप में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें श्रेष्ठ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि धमतरी जिले के धमतरी एवं कुरूद विधानसभा क्षेत्र महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जबकि नगरी विधानसभा क्षेत्र कांकेर लोकसभा क्षेत्र में सम्मिलित है। नगरी विधानसभा क्षेत्र में आज से विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हो चुका है।
इस आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया है। साथ ही जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से जिले के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी। यह आयोजन ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को समान मंच प्रदान करते हुए भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पहचानने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!