Uncategorized

किसान हित में कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर किया प्रदर्शन

धान खरीदी, मनरेगा सहित जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस रहेगी हमेशा जनता के साथ - तारिणी चन्द्राकर

किसानों का एक-एक दाना खरीदने का वादा कर साय सरकार ने की वादाखिलाफी – नीलम चन्द्राकर

कुरूद। भरदा चौक कुरुद पर कांग्रेस ने साय सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए धान खरीदी व्यवस्था में कथित अव्यवस्था और मनरेगा में अनियमितताओं को मुद्दा बनाया। किसान विरोधी नीति बंद करो और दाना-दाना धान खरीदो जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान एकत्र हुए। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की। कांग्रेस ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में छह मुख्य मांगें रखी कि किसानों का पूरा धान खरीदा जाए, जबरन रकबा समर्पण की प्रक्रिया बंद हो, धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जाए, जिन किसानों का टोकन नहीं कटा उनका तत्काल टोकन जारी हो,सोसायटियों से धान उठाव सुचारू किया जाए, खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि भाठागांव और बगौद समितियों के निरीक्षण में गंभीर अव्यवस्था सामने आई है। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कांग्रेस नेता नीलम चंद्राकर ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान समर्थन मूल्य बढ़ाने के बड़े वादे किए गए थे, लेकिन किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दाना-दाना धान खरीदने के दावे के बावजूद कई किसानों से धान समर्पण कराया गया, जिससे असंतोष बढ़ा है। प्रदर्शन के दौरान मनरेगा भुगतान में देरी और कार्य स्वीकृति में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!