रजत महोत्सव में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने दिया गया जोर
भविष्य में सोलर पैनल जैसे नवकरणीय स्रोत ही ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने का सशक्त माध्यम होंगे - ज्योति चन्द्राकर

कुरूद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उपसंभाग कुरुद में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना रही। कुरुद वितरण केंद्र के अंतर्गत अब तक 125 घर सौर ऊर्जा से लैस हो चुके हैं। महोत्सव के दौरान उन ऊर्जा नायकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने पिछले 2 वर्षों से अपने विद्युत देयकों का भुगतान पूरी निष्ठा के साथ किया है। एकलबत्ती, घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि श्रेणी के इन उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही5 प्रमुख सोलर प्लांट उपभोक्ताओं को भी विशेष सम्मान मिला। मुख्य अतिथि ज्योति चन्द्राकर अध्यक्ष नगरपालिका परिषद् कुरुद ने कहा प्राकृतिक संसाधन जैसे कोयला सीमित हैं, जबकि ऊर्जा की मांग निरंतर बढ़ रही है। आने वाले समय में सोलर पैनल जैसे नवकरणीय स्रोत ही हमारी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने का एकमात्र सशक्त माध्यम होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने उपस्थित जनसमूह को संकल्प दिलाया। उन्होंने डबल सब्सिडी और सुलभ बैंक लोन की सुविधाओं का जिक्र करते हुए सभी से आह्वान किया कि वे स्वयं सोलर पैनल लगाएं और कम से कम 10 अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

