Uncategorized

नेशनल हाइवे-30 पर सड़क हादसा, प्रशासन तत्परता से जुटा,कलेक्टर एवं एसपी ने घायल का जाना हाल, सुरक्षा उपायों पर दिया जोर

नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय तेज रफ्तार से बचें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें

धमतरी-नेशनल हाइवे-30 पर धमतरी-खपरी बाईपास में आज एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक डिजायर कार खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों सहित चालक का निधन हो गया।
बताया गया है कि बटालियन के जवान सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खपरी बाईपास के समीप यह दुर्घटना हुई। घटना में दो जवानों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक घायल जवान को राजधानी रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।वह खतरे से बाहर है ।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दिवंगत जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ा है।कलेक्टर ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नियमित रूप से जिला स्तरीय बैठकें आयोजित की जाती हैं। जिला परिवहन संघ के साथ समन्वय कर ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित किए गए हैं, जहां सूचना संकेतक, चेतावनी बोर्ड एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय तेज रफ्तार से बचें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।जिला प्रशासन ने पुनः इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए आमजन से सतर्क एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!