Uncategorized

भखारा विकास योजना 2041 पर समिति की अहम बैठक, समग्र विकास का खाका तैयार

धमतरी-छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश द्वारा तैयार किए जा रहे भखारा विकास योजना (प्रारूप) 2041 के संबंध में गठित समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने की। इस अवसर पर सांसद कांकेर लोकसभा क्षेत्र भोजराज नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, जनपद अध्यक्ष कुरूद श्रीमती गीतेश्वरी साहू, विधायक प्रतिनिधि हरखलाल जैन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति जैन, भखारा निवेश क्षेत्र में सम्मिलित ग्रामों के सरपंच, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित नगर तथा ग्राम निवेश के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि भखारा क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए दीर्घकालीन योजना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास योजना तैयार करते समय स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे और क्षेत्र को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि भखारा क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 17(1) के तहत समिति का गठन किया गया है। प्रस्तावित योजना में कुल 25 ग्रामों को शामिल किया गया है, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 12276.90 हेक्टेयर है। वर्ष 2041 की अनुमानित 90 हजार जनसंख्या को आधार मानकर विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। योजना यूआरडीपीएफआई 2015 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार की गई है, जिसमें आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, सार्वजनिक एवं अर्धसार्वजनिक उपयोग, आमोद-प्रमोद, परिवहन, सार्वजनिक उपयोगिता तथा मिश्रित उपयोग के लिए भूमि आरक्षण का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए मार्गों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण का भी प्रावधान किया गया है।
बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रारूप पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्राप्त सुझावों को योजना में समाहित करने पर सहमति बनी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करने के पश्चात विकास योजना (प्रारूप) 2041 का प्रकाशन किया जाएगा।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!