Uncategorized

छत्तीसगढ़ बजट विकास और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला : अमित साहू

धमतरी। भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में छत्तीसगढ़ सरकार के बजट को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट राज्य के समावेशी विकास, आधारभूत संरचना, निवेश, रोजगार और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़ के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।
प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कहा कि राज्य सरकार का यह बजट संकल्प के साथ विकास की नई राह खोलने वाला है। सरकार मिशन मोड में काम करते हुए प्रदेश के विकास के लिए पांच प्रमुख मुख्यमंत्री मिशन शुरू कर रही है, जिनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। इन मिशनों के माध्यम से प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए इस बार स्कूल शिक्षा के लिए 13.5 प्रतिशत बजट का प्रावधान किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। इसके साथ ही बस्तर के अबूझमाड़ और जशपुर जिले में दो एजुकेशन सिटी बनाने की योजना भी बजट में शामिल की गई है।
अमित साहू ने कहा कि राज्य के सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान करने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रदेश में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।उन्होंने बताया कि शहरी विकास को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के अंतर्गत 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही भूमि विकास बैंक योजना के लिए भी 200 करोड़ रुपये की राशि रखी गई है।प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की अंतर राशि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों को एकमुश्त भुगतान करने की व्यवस्था भी जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन क्षेत्रों में खाद्य, कृषि और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन जैसे आजीविका के साधनों को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
अमित साहू ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण हेतु 2000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए होमस्टे योजना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके लिए बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश मंत्री अमित साहू ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन, हवाई सेवाओं के विस्तार, आदिवासी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बस सेवा तथा बस्तर और सरगुजा ओलंपिक के आयोजन के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के लिए व्यापम की दक्षता बढ़ाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के शैक्षणिक भ्रमण के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना प्रारंभ की जाएगी तथा लखपति दीदियों के भ्रमण के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
अंत में प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस शानदार बजट के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। इस दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शुभम जायसवाल रोहिताश मिश्रा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष भाजपा कार्यालय जिला मंत्री विजय साहू उपस्थित रहे.उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!