Uncategorized

नव निर्माणाधीन शिव सरोवर में शिव बाबा का ध्वज फहराकर की गई ईश्वरीय सेवाओं की नई शुरुआत

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, धमतरी के तत्वावधान में नव निर्माणाधीन शिव सरोवर (रत्नाबांधा रोड, वंदना विहार कॉलोनी) में शिव बाबा का ध्वज फहराकर ईश्वरीय सेवाओं की नई शुरुआत की गई। इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, प्रखर समाचार पत्र एवं टीवी चैनल के संपादक एवं मालिक दीपक लखोटिया, सामाजिक कार्यकर्ता टूमनलाल ध्रुव तथा ब्रह्माकुमारीज धमतरी की प्रभारी सरिता दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ शिव बाबा का ध्वज फहराकर तथा शिव बाबा को भोग अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि परमात्मा शिव के अवतरण को अब लगभग 90 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं और आज पूरे विश्व में ब्रह्माकुमारीज की सेवाओं का विस्तार हो चुका है। आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से संस्था समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महान कार्य कर रही है।
महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम अच्छा सोचेंगे और अच्छा करेंगे तो निश्चित रूप से अच्छा ही पाएंगे। उन्होंने कहा कि वे ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रमों में भाग लेना अपना सौभाग्य समझते हैं और इन आध्यात्मिक कार्यक्रमों से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
प्रखर समाचार पत्र के संपादक दीपक लखोटिया ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगभग 90 वर्ष पूर्व परमात्मा शिव का इस धरा पर दिव्य अवतरण हुआ और इस महाकल्याणकारी कार्य के लिए परमात्मा ने माताओं और बहनों को माध्यम बनाया। आज धमतरी जिले में भी हम देख रहे हैं कि सरिता बहनजी के मार्गदर्शन और उनके अथक प्रयासों से पूरे जिले में आध्यात्मिक ज्ञान की धारा प्रवाहित हो रही है।
उन्होंने बताया कि धमतरी में ब्रह्माकुमारीज का पहला केंद्र दिव्यधाम, सिविल लाइंस में प्रारंभ हुआ। इसके पश्चात शहर में अनेक उप-सेवा केंद्र स्थापित हुए जैसे – राजयोग केंद्र साल्हेवार पारा, राजयोग केंद्र रामबाग (संतोषी मंदिर के पास), कलेक्टर रोड स्थित ज्ञानदर्शन भवन, रुद्री, तथा रायपुर रोड स्थित संकरा में आत्मानुभूति तपोवन। अब नव निर्माणाधीन शिव सरोवर में शिव बाबा का ध्वज फहराकर नई सेवाओं का शुभारंभ किया गया है।इस अवसर पर सरिता दीदी ने सभी को शिव जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिव सरोवर आने वाले समय में आध्यात्मिक क्रांति का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां से अनेक आत्माओं को ईश्वरीय ज्ञान का प्रकाश मिलेगा और उनके जीवन में शांति, सुख एवं खुशहाली आएगी।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं भाई-बहनों को ब्रह्माभोजन कराया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 800 भाई-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का मंच संचालन प्राजक्ता बहन ने किया। उन्होंने बताया कि शिव सरोवर में आज से प्रतिदिन आध्यात्मिक सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। यहां प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तथा शाम 5:30 से 6:15 और 7:30 से 8:15 बजे तक ज्ञान मुरली की क्लास चलेगी। नए लोगों के लिए सात दिवसीय निःशुल्क राजयोग शिविर भी प्रतिदिन एक घंटे का आयोजित किया जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि प्रतिदिन शाम 6:30 से 7:30 बजे तक सामूहिक रूप से राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया जाएगा। यह अभ्यास पूरे विश्व में एक ही समय पर किया जाता है, जिसमें सभी आत्मस्वरूप में स्थित होकर परमात्मा शिव बाबा को याद करते हैं। इससे शांति और शक्ति के सकारात्मक प्रकंपन पूरे वातावरण में फैलते हैं और वातावरण पवित्र एवं शक्तिशाली बनता है।आज के समय में वातावरण में भय, अशांति, दुख और नकारात्मकता बढ़ रही है। ऐसे समय में परमात्मा की याद से जीवन, परिवार और वातावरण को शांत, शक्तिशाली और पवित्र बनाना बहुत बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने सभी शहरवासियों से इस आध्यात्मिक सेवा का लाभ लेने का आग्रह किया।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!