Uncategorized

रुद्रेश्वर मंदिर परिसर का होगा समग्र विकास, 20 करोड़ की लागत से विकसित होगा धार्मिक-पर्यटन केंद्र

ग्रीन कॉरिडोर, बोटिंग और आधुनिक सुविधाओं से बढ़ेगा आकर्षण

धमतरी-जिले के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र रुद्रेश्वर मंदिर परिसर को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल शुरू कर दी गई है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बीते दिन देर शाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, कला मंच और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि मंदिर को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा आकर्षक ग्रीन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर नहर के किनारे बनाया जाएगा, जहां फूलों के बगीचे, हरित पट्टी, आकर्षक सड़क डिज़ाइन और पैदल यात्रियों के लिए पाथ-वे का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्राकृतिक और सौंदर्यपूर्ण वातावरण का अनुभव मिल सके।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर में एक भव्य स्वागत द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए दो व्यवस्थित पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए महानदी तट पर लगभग 15 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है, जो इस स्थल की एक विशिष्ट पहचान बनेगी।
पर्यटकों के आकर्षण के लिए बोटिंग सुविधा विकसित करने की भी योजना है। इसके साथ ही घाटों का सौंदर्यीकरण, बैठने की व्यवस्था, हरित विकास और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना का त्रि-आयामी (3-डी) मॉडल भी तैयार कराया गया है। इसके अंतर्गत तीन मंजिला धर्मशाला, भोजन कक्ष, भोजनशाला, सभागार, गार्डन, स्वागत गेट और अन्य यात्री सुविधाओं का सुव्यवस्थित विकास किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रुद्रेश्वर घाट एवं मंदिर परिसर के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें तथा जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री चहल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!