धोबी समाज के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों ने महापौर से की मुलाकात, रामू रोहरा ने दी शुभकामनाएं

धमतरी-धोबी समाज के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष मंगलू निर्मलकर एवं महिला शाखा की जिला अध्यक्ष श्रीमती नीलू रजक ने नगर निगम महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।मुलाकात के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने समाज के संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी महापौर को दी। उन्होंने समाज के विकास, सामाजिक एकता एवं विभिन्न जनहित कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।महापौर रामू रोहरा ने श्री मंगलू निर्मलकर एवं श्रीमती नीलू रजक को जिला अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में धोबी समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
महापौर ने समाज के उत्थान हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे, इसके लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।इस अवसर पर आपसी सहयोग एवं समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई।