निगम क्षेत्र के पट्टाविहीन परिवारो को अधिकार दिलाने विशु देवांगन सामान्य सभा में मजबूती से रखेंगे पक्ष
दमनकारी नीतियों के खिलाफ सदन से सड़क की लड़ाई लडऩा विपक्ष का धर्म :- उपनेता प्रतिपक्ष

धमतरी। नगर निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र (विशु) देवांगन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि लंबे अंतराल के बाद नगर निगम की सामान्य सभा का आयोजन किया जा रहा है, जो शहर की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सामान्य सभा नगरवासियों के विश्वास का केंद्र होती है, जहां लिए गए निर्णय शहर के विकास की दिशा तय करते हैं और जनता की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त करते हैं। श्री देवांगन ने आगे कहा कि उपनेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि शहर की हर आवाज को प्रभावी रूप से सदन तक पहुंचाएं। आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना विपक्ष की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान पट्टाविहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का वादा किया था। नगर की जनता ने इन्हीं वादों पर विश्वास जताते हुए निगम की सत्ता सौंपी है। अब उन वादों को पूरा करना सत्ताधारी दल की जिम्मेदारी है, और उन पर जवाब मांगना विपक्ष का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। श्री देवांगन ने स्पष्ट किया कि जमीन से जुड़े हर मुद्दे—चाहे वह पट्टा वितरण हो, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हो या अन्य जनहित के विषय—को सामान्य सभा में पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। विपक्ष जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेगा और नगरवासियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
