श्री हनुमान जन्मोत्सव पर शहर के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना, हवन-पूजन व दर्शन हेतु उमड़ी भक्तों की भीड़
रुद्रा अभिषेक, चोला अर्पण व विशेष श्रृंगार के साथ किया गया 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ

धमतरी। आज हनुमान जन्मोत्सव पर शहर के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई।
ज्योतिषों की माने तो आज ध्रुव योग और हस्त नक्षत्र का संयोग बन रहा है। ध्रुव योग सूर्योदय से लेकर दोपहर 2 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इसके बाद व्याघात योग शुरु होगा। फिर शाम 5 बजकर 38 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके बाद चित्रा नक्षत्र लगेगा। ध्रुव योग मंगलकारी होगा। बता दे कि लगभग 11 साल बाद ऐसा विशेष संयोग बना है।
आज सुबह से इतवारी बाजार स्थित किले के हनुमान मंदिर, पुराना बस स्टैण्ड स्थित हनुमान मंदिर, रुद्री पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, मठ मंदिर चौक स्थित हनुमान मंदिर, जालमपुर स्थित हनुमान मंदिर, मारुति नंदन हनुमान मंदिर पुराना मंडी गेट के पास, सेंचुरी गार्डन के पास स्थित श्री हनुमानगुढ़ी मंदिर, श्री बाबा रामदेव ईतवारी बाजार गौरव पथ मार्ग, ब्राम्हणपारा स्थित हनुमान मंदिर, कोष्टापारा स्थित हनुमान मंदिर, श्री केशरी नंदन हनुमान मंदिर नहर नाका चौक, जय मारुति हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में आज सुबह से विशेष पूजा अर्चना, हवन, भोग के साथ प्रसादी वितरण किया गया। अलसुबह से ही शहर के हनुमान मंदिरों में भक्तों की श्रद्धा छलकने लगी। दर्शन व प्रसादी ग्रहण करने भक्त मंदिर पहुंचे। वहीं मारूतिनंदन हनुमान जी का जन्मोत्सव श्रीराम जानकी मठमंदिर बनियापारा धमतरी में धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रात: से ही श्री हनुमान जी का अभिषेक पश्चात श्री हनुमान जी को चोला अर्पण एवं उनका श्रृंगार किया गया। हनुमत हवन, हवन-पूजन का आयोजन, प्रकाट्य महाआरती एवं राजभोग दर्शन किया गया। मनोकामना पूर्ति संकल्पित, 108 बार हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया गया। महाआरती भोग पश्चात कई मंदिरों में भंडारा का आयोजन किया गया। जालमपुर स्थित हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव के अवसर पर वार्डवासियों द्वारा वार्ड में स्थित हनुमंत ताल (दीवान तालाब) मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह से अभिषेक, श्रृंगार, पूजन, आरती, भोग महाआरती के पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। एन. एन. फायनेस के पास न्यू बस स्टैण्ड के पास हवन एवं हनुमान चालीसा का पाठ रखा गया है। पुराना बस स्टैण्ड के पास मंदिर में पूजा अर्चना व प्रसादी वितरण के दौरान अनेक भक्तजन मौजूद थे।
जगह-जगह हुआ प्रसादी वितरण
हनुमान जन्मोत्सव पर भक्तों द्वारा विशेष तैयारियों की गई है। शहर में जगह-जगह भंडारे व प्रसादी वितरण किया गया। सभी मंदिरों में विशेष भोग के पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। जहां हजारों भक्त प्रसादी ग्रहण किया। भजन कीर्तन व पाठ होते रहे।
दक्षिणमुखी हनुमंत धाम रुद्री में जसगीत गायक दुकालु यादव का कार्यक्रम
मां कृष्माण्डा देवी दक्षिणमुखी हनुमंत धाम पॉलीटेक्निक परिसर रुद्री में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह 6 बजे हनुमान जी का अभिषेक, हवन व महाआरती हुई शाम 4 बजे पालकी यात्रा निकलेगी। शाम 7 बजे हनुमान, शनिदेव, मां कुष्माण्डा देवी एवं शिवजी की महाआरती होगी। साथ ही सुप्रसिद्ध जसगीत गायक दुकालु यादव का कार्यक्रम भी आयोजित है। उक्त कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होगें। अध्यक्षता केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम करेंगें। विशिष्ट अतिथि के रुप में रायपुर ग्रामीण संगठन प्रभारी डेनिस चंद्राकर शामिल होगें।

