Uncategorized

धमतरी वासियो की वर्षो पुरानी मांग हुई पूरी:अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन सड़क की मिलेगी सौगात

धमतरी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शहर के सर्वांगीण विकास को लेकर महापौर ने संकल्प लेकर एक बड़ा और महत्वाकांक्षी लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनका पहला लक्ष्य अंबेडकर चौक से रुद्री तक की सड़क को फोरलेन में विकसित करना है, ताकि धमतरी के नागरिकों को रोजाना होने वाली यातायात की समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।
महापौर ने कहा कि वर्तमान में अंबेडकर चौक से रुद्री तक का मार्ग शहर का सबसे व्यस्त मार्ग बन चुका है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिससे सुबह और शाम के समय जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। स्कूल, कॉलेज, बाजार और कार्यालयों के समय में लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ती है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग के फोरलेन होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि शहर के अंदर और बाहर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे व्यापार, आवागमन और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी तेजी से पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
महापौर ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना को प्राथमिकता में रखते हुए शासन स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके लिए तकनीकी सर्वे, बजट निर्धारण और भूमि संबंधी आवश्यकताओं का भी जल्द आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना को जल्द से जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि शहर के विकास के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना बेहद जरूरी है और सड़कें किसी भी शहर की प्रगति की रीढ़ होती हैं। फोरलेन सड़क बनने से धमतरी का स्वरूप आधुनिक शहर की तरह विकसित होगा और आने वाले समय में निवेश एवं विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।
इस दौरान महापौर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा समानता, विकास और आधुनिक सोच का संदेश दिया है। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए शहर को बेहतर सुविधाएं देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह फोरलेन सड़क परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि धमतरी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा सांसद रूपकुमारी चौधरी के आशीर्वाद और विशेष कृपा दृष्टि से धमतरी क्षेत्र का चौमुखी विकास हो रहा है। एक वर्ष में 350 करोड़ के विकास कार्यों की स्वीकृति इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!